Amethi: जायस नगर पालिका क्षेत्र में चकमार्ग की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जमीन की पैमाइश कराने के बाद अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जुटी रही।
जानकारी के मुताबिक, मामला तिलोई तहसील क्षेत्र के बहादुरपुर नगर पालिका जायस से जुड़ा है। यहां गाटा संख्या 8519 के कुछ हिस्से में चकमार्ग की जमीन पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत सामने आई थी। राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित भूमि की पैमाइश कर चकमार्ग की निर्धारित जमीन को चिन्हित किया।

राजस्व विभाग के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व में विपक्षी पक्ष को नोटिस भी जारी किया गया था। नोटिस दिए जाने के बावजूद मौके से कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद मामला न्यायालय तक पहुंचा और न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राजस्व अधिकारियों की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पहले जमीन की पैमाइश कर चकमार्ग की भूमि को चिह्नित किया गया, इसके बाद अतिक्रमण वाले हिस्से पर बुलडोजर चलाकर उसे हटवा दिया गया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद चकमार्ग की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। न्यायालय के आदेश और राजस्व अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।










