Amethi: पूरे दूंदी में पानी का संकट, खेतों तक पहुंचा जलभराव; DM-SP ने मौके पर पहुंचकर संभाली कमान

Amethi: प्रभावित किसानों-ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, जल निकासी और राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

Amethi: तहसील तिलोई के ग्राम पूरे दूंदी में जलभराव की समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। शनिवार को जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने गांव पहुंचकर जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं तथा संबंधित विभागों को तत्काल जल निकासी और राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांव में जलभराव की स्थिति, जल निकासी के रास्तों और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, एसडीएम तिलोई अरुणिमा श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी तिलोई, तहसीलदार तिलोई समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जलभराव की सूचना मिलने के बाद पहले ही एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर भेजकर सर्वे कराया गया था। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलभराव अथवा प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कराया जाए और पात्र लोगों को शासन के नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए।

जल निकासी को लेकर डीएम ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने ड्रेनों और अवरुद्ध नालियों की तत्काल सफाई कराने तथा पानी की निकासी के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरत पड़ने पर राहत चौकी अथवा राहत शिविर स्थापित करने और बचाव एवं राहत कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन तैयार रखने को कहा।

डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रभावित क्षेत्र में राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थिति सामान्य होने तक क्षेत्र की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाना प्राथमिकता है और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

Other Latest News

Leave a Comment