Amethi में ‘सक्षम केएमसी’ पहल का शुभारंभ, समय से पूर्व जन्मे नवजातों को मिलेगी बेहतर देखभाल

अस्पताल से छुट्टी के बाद भी नहीं टूटेगी देखभाल की कड़ी, तिलोई के सफल अनुभव के बाद पूरे जिले में विस्तार की तैयारी

Amethi: समय से पूर्व जन्म लेने वाले और कम वजन वाले नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल तथा उनकी जीवन रक्षा के उद्देश्य से जिले में ‘सक्षम केएमसी’ पहल का शुभारंभ किया गया। बहादुरपुर विकासखंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और जिलाधिकारी संजय चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर इस महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की।

‘सक्षम केएमसी’ के तहत अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद समय से पूर्व जन्मे और कम वजन वाले नवजातों की घर पर भी लगातार देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए परिवार के सदस्यों को कंगारू मदर केयर (केएमसी), नियमित एवं पर्याप्त स्तनपान, नवजात के स्वास्थ्य की निगरानी तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम नवजातों की स्थिति पर नजर रखने के साथ-साथ अभिभावकों को जरूरी सावधानियों और देखभाल के तरीकों के बारे में भी जानकारी देगी।

तिलोई में सामने आए सकारात्मक परिणाम

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ‘सक्षम केएमसी’ पहल को पहले चरण में तिलोई क्षेत्र के छह आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लागू किया गया, जहां इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस अनुभव के आधार पर अब पहल को अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार देने की तैयारी की जा रही है।

तिलोई और बहादुरपुर के बाद अब जिले के सभी विकासखंडों में ‘सक्षम केएमसी’ का विस्तार करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में समय से पूर्व या कम वजन वाले नवजात को जन्म के बाद जरूरी देखभाल से वंचित न होना पड़े।

स्वास्थ्यकर्मियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान ‘सक्षम केएमसी’ सहित स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नवजातों की देखभाल में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ परिवार की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि कम वजन या समय से पूर्व जन्मे नवजातों को सामान्य बच्चों की तुलना में विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। ऐसे बच्चों को नियमित स्तनपान, उचित तापमान बनाए रखने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। ‘सक्षम केएमसी’ के विस्तार से जिले में नवजात शिशु मृत्यु दर को कम करने और कमजोर नवजातों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है।

Other Latest News

Leave a Comment