बछरावां में बिजली संकट पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा, SDO को सौंपा ज्ञापन

रायबरेली: बछरावां क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस समस्या को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमिक सोनी के नेतृत्व में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी (SDO) को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले कई दिनों से बछरावां क्षेत्र में दिन और रात में कई-कई घंटों की अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। इस लचर विद्युत व्यवस्था के कारण आम जनमानस का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है, विशेषकर जब क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी पड़ रही है।

बिजली कटौती के कारण बुजुर्ग और बीमार व्यक्तियों की तबीयत लगातार बिगड़ रही है। छोटे बच्चे भी रात-दिन की कटौती से ठीक से सो नहीं पा रहे हैं और बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।

व्यापारी वर्ग और आम नागरिक दिनभर की कड़ी मेहनत के बाद रात में चैन की नींद नहीं ले पा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, बिजली के अभाव में स्थानीय व्यापार भी ठप होने की कगार पर है, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है।

विद्युत विभाग की इस अकर्मण्यता और अघोषित कटौती को लेकर बछरावां के आम जनमानस और व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में विभाग से अनुरोध किया गया है कि तकनीकी कमियों या स्थानीय फॉल्ट को युद्धस्तर पर जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि क्षेत्र को अघोषित कटौती से मुक्त कर निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान की जाए ताकि नागरिकों को राहत मिल सके और व्यापार सुचारु रूप से चल सके।

यह ज्ञापन 21 मई, 2026 को बछरावां (रायबरेली) में सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने वालों में ओमिक सोनी (अध्यक्ष – अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, बछरावां), अमित वर्मा (महामंत्री), सतीश सोनकर, अखिलेश पटेल (युवा अध्यक्ष), प्रवेश वर्मा (पूर्व मंडल अध्यक्ष), राकेश पटेल, भूपेश कुशवाहा, संदीप मौर्या, राहुल वर्मा, राकेश सोनी, दीप चंद्र सोनी, गौरव पाल, आकाश वर्मा, ओम चौधरी, लाडले सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और व्यापारी उपस्थित थे।

Other Latest News

Leave a Comment