Akash Murder Case: प्रेम प्रसंग के चलते बस्ती निवासी आकाश की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसकी प्रेमिका ने अपने पति और दो भाइयों की मदद से युवक को घर बुलाया और मारपीट के बाद बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरी में बंद कर बोलेरो से ले जाकर पिपराहवा नहर में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में प्रेमिका और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त बिजली का तार और बोलेरो भी बरामद कर ली गई है।
एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि मटेरा थाना क्षेत्र के लीलापारा स्थित पिपराहवा नहर में बीते 11 अक्टूबर की सुबह बोरी में बंद एक युवक का शव बरामद हुआ था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

मटेरा थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह और उपनिरीक्षक विजय कुमार चौधरी ने पुलिस टीम के साथ छंगा चौराहे पर दबिश देकर श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शिकारी चौड़ा निवासी पूनम देवी और उसके पति राजकुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। जांच में पूनम के दो भाइयों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार दंपती से गहन पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।










