Bihar Election 2025: बिहार चुनाव 2025: महागठबंधन आज जारी करेगा ‘तेजस्वी प्रण पत्र’, उपमुख्यमंत्री के नए नाम पर भी मचेगी हलचल?

Bihar Election 2025: बिहार में आज बदलेगा चुनावी समीकरण! महागठबंधन का घोषणापत्र और उपमुख्यमंत्री पद पर नया चेहरा संभव

Bihar Election 2025: बिहार की राजनीति (Bihar Politics) में आज बड़ा मोड़ आने वाला है। विपक्षी INDIA ब्लॉक यानी महागठबंधन मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रहा है, जिसे ‘तेजस्वी प्रण पत्र’ (Tejasvi Pran Patra) नाम दिया गया है। इस घोषणापत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। वहीं, राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि महागठबंधन उपमुख्यमंत्री पद के लिए एक नए नाम का ऐलान भी कर सकता है। यह कदम कई जातीय और राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ दे सकता है। आइए जानते हैं पूरी खबर क्या है…

“हमने विजन दिया, वे सिर्फ आरोप लगाते हैं”/Bihar Election 2025

पटना में पत्रकारों से बातचीत में महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि RJD ने मुख्यमंत्री का चेहरा पहले ही घोषित कर दिया है और अब ‘तेजस्वी प्रण पत्र’ के ज़रिए अगले पांच साल के विकास का ब्लूप्रिंट जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने NDA पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे पास बिहार को नंबर वन राज्य बनाने का विजन है, जबकि वे केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करते हैं। यादव ने जनता से अपील की कि वे इस बार नफरत नहीं, विकास पर वोट करें। घोषणापत्र जारी होने से पहले गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच अंतिम सहमति बनाने की प्रक्रिया चल रही है।

सोशल मीडिया से NDA पर तेजस्वी का हमला

तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने देर शाम फेसबुक लाइव में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार ने त्योहारों के मौसम में 12,000 ट्रेनों की घोषणा की थी, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। उन्होंने लैपटॉप पर भीड़भाड़ वाले स्टेशनों के वीडियो दिखाते हुए सवाल उठाया – “ये 12,000 ट्रेनें आखिर कहाँ हैं?” यादव ने लोगों से अपील की कि छठ पूजा के बाद वे अपने घरों में ही रहें और मतदान के दिन बदलाव के लिए वोट करें। उनका यह संदेश चुनाव से ठीक पहले सामाजिक और भावनात्मक अपील के रूप में देखा जा रहा है, जिससे महागठबंधन अपने समर्थक वर्ग को एकजुट रखने की कोशिश कर रहा है।

उपमुख्यमंत्री पद पर नए चेहरे की चर्चा तेज

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि घोषणापत्र जारी होने के साथ ही महागठबंधन उपमुख्यमंत्री पद के लिए नया नाम भी सामने ला सकता है। पहले VIP प्रमुख मुकेश सहनी को इस पद के लिए संभावित बताया गया था, जिससे निषाद समुदाय को साधने की कोशिश की गई थी। लेकिन अब संभावना जताई जा रही है कि अल्पसंख्यक समुदाय से किसी चेहरे को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की पार्टी AIMIM ने महागठबंधन पर आरोप लगाया कि उसने मुस्लिम समुदाय की अनदेखी की है। अगर यह नया एलान होता है, तो यह कदम राज्य के अल्पसंख्यक वोट बैंक को प्रभावित कर सकता है और चुनावी समीकरणों को पलट सकता है।

घोषणापत्र में रोजगार, आरक्षण और सामाजिक न्याय पर फोकस

महागठबंधन के घोषणापत्र में तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के हालिया वादों को शामिल किए जाने की संभावना है। इनमें हर परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाने का प्रस्ताव प्रमुख है। इसके साथ ही “अति पिछड़ा संकल्प” के तहत EBC समुदायों के लिए कई योजनाएं जोड़ी जा सकती हैं, जिनमें SC/ST एक्ट की तर्ज पर कानून बनाना और सरकारी ठेकों में आरक्षण देना शामिल है। यादव ने कहा है कि अगर वे सत्ता में लौटे तो जाति आधारित सर्वे के अनुसार आरक्षण बढ़ाने का नया कानून लाएंगे और इसे नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग करेंगे, ताकि यह न्यायिक जांच से सुरक्षित रहे।

Other Latest News

Leave a Comment