ABHA Card Bokaro: डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके माध्यम से जिलेवासी अपने स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में सुरक्षित और व्यवस्थित रख सकते हैं। पुराने पर्चे, जांच रिपोर्ट और डिस्चार्ज समरी जैसे दस्तावेज जरूरत के समय आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में आभा कार्ड बनवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ने से इलाज के दौरान पुराने स्वास्थ्य रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। नागरिक अपने महत्वपूर्ण स्वास्थ्य दस्तावेजों को सुरक्षित और व्यवस्थित रख सकेंगे।

क्या है आभा कार्ड?
आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) प्रत्येक व्यक्ति को दी जाने वाली 14 अंकों की विशिष्ट स्वास्थ्य पहचान संख्या है। इसके माध्यम से व्यक्ति के डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड को एक स्थान पर लिंक और व्यवस्थित किया जा सकता है। इसमें प्रिस्क्रिप्शन, लैब जांच रिपोर्ट, डिस्चार्ज समरी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेज डिजिटल रूप में रखे जा सकते हैं।
डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड को आवश्यकता के अनुसार संबंधित स्वास्थ्य सेवा प्रदाता के साथ साझा किया जा सकता है। इसके लिए मरीज की सहमति महत्वपूर्ण है।
इलाज में मिलेगी सुविधा
आभा कार्ड के माध्यम से पुराने स्वास्थ्य रिकॉर्ड जरूरत के समय आसानी से देखे जा सकते हैं। इससे मरीज को हर बार कागजी फाइल, पुरानी जांच रिपोर्ट और पर्चियां साथ लेकर चलने की परेशानी कम होगी। अलग-अलग समय पर हुए इलाज और जांच से संबंधित दस्तावेजों को डिजिटल माध्यम से व्यवस्थित रखने में भी मदद मिलेगी।
इसके अलावा ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और टेली-कंसल्टेशन जैसी डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच बनाने में भी यह उपयोगी हो सकता है।
सरकारी अस्पतालों में निःशुक्ल सुविधा
बोकारो जिले के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आभा कार्ड बनाने की सुविधा निःशुक्ल उपलब्ध है। इसके अलावा नागरिक अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र (सीएससी) से भी आभा बनवा सकते हैं। आधिकारिक डिजिटल माध्यम से मोबाइल फोन के जरिए भी आभा बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
ऐसे बनाएं आभा कार्ड
आभा बनाने के लिए आधिकारिक ABHA पोर्टल पर जाकर आधार कार्ड अथवा ड्राइविंग लाइसेंस के माध्यम से पंजीकरण का विकल्प चुना जा सकता है। इसके बाद पहचान संख्या दर्ज कर आवश्यक सहमति देने और मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 अंकों की ABHA Health ID तैयार हो जाती है।
यदि आधार मोबाइल नंबर से लिंक नहीं है तो नजदीकी ABDM से जुड़े स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध वैकल्पिक सत्यापन सुविधा की जानकारी ली जा सकती है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
स्वास्थ्य विभाग ने आभा से संबंधित जानकारी के लिए 14477 टोल फ्री हेल्पलाइन भी उपलब्ध कराई है। सिविल सर्जन ने जिलेवासियों से डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था का लाभ उठाने और अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने की अपील की है।










