Bokaro: जिला स्तर पर आज 25 अगस्त 2026 को “नेत्रदान महादान पखवाड़ा” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों को नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा मृत्यु के बाद नेत्रदान के लिए लोगों को प्रेरित करना है। इस अवसर पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे डॉ. अभय भूषण प्रसाद, सिविल सर्जन, बोकारो ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के माध्यम से लोगों को नेत्रदान के महत्व, इसके प्रति प्रचलित भ्रांतियों को दूर करने तथा जरूरतमंद दृष्टिहीन लोगों के जीवन में नेत्रदान से आने वाले सकारात्मक बदलाव के बारे में जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पखवाड़े के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. अभय भूषण प्रसाद, सिविल सर्जन, बोकारो ने कहा, “नेत्रदान वास्तव में महादान है। किसी व्यक्ति के निधन के बाद उसके नेत्र किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी ला सकते हैं। हमारा प्रयास है कि नेत्रदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग स्वेच्छा से नेत्रदान का संकल्प लें।”
डॉ. एन.पी. सिंह, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, बोकारो ने कहा, “नेत्रदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। लोगों को समझना होगा कि मृत्यु के बाद नेत्रदान के माध्यम से किसी दूसरे व्यक्ति को दृष्टि का उपहार दिया जा सकता है। इस पखवाड़े के दौरान लोगों को नेत्रदान की प्रक्रिया एवं इसके महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।”
जागरूकता रैली में डॉ. एन.पी. सिंह, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, बोकारो; डॉ. सेलिना टुडू, जिला आरसीएच पदाधिकारी; हिना अग्रवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक; आशीष दीन, जिला कार्यक्रम समन्वयक; अमित कुमार, डीपीएमयू कोऑर्डिनेटर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों से अपील की गई कि वे “नेत्रदान—महादान” के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और नेत्रदान के प्रति समाज में सकारात्मक सोच एवं जागरूकता विकसित करने में सहयोग करें।










