बोकारो थर्मल पावर प्लांट में लहराया 31 मीटर ऊंचा विशाल तिरंगा, एचओपी ने किया लोकार्पण

बोकारो थर्मल: देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के भावों से ओतप्रोत माहौल के बीच बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के 500 मेगावाट पावर प्लांट परिसर में मंगलवार को 31 मीटर ऊंचे हाईमास्ट राष्ट्रीय ध्वज का भव्य लोकार्पण किया गया। देश की आन, बान और शान के प्रतीक इस विशाल तिरंगे का अनावरण एचओपी सह मुख्य महाप्रबंधक सुशील कुमार अरजरिया ने किया।

लोकार्पण के साथ ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। ऊंचाई पर लहराते तिरंगे ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों में गर्व और उत्साह का संचार किया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए एचओपी सुशील कुमार अरजरिया ने कहा कि गगनचुंबी राष्ट्रीय ध्वज भारत की संप्रभुता, अखंडता और अटूट राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पावर प्लांट परिसर में इस विशाल तिरंगे की स्थापना न केवल क्षेत्र की शोभा बढ़ाएगी, बल्कि यहां कार्यरत प्रत्येक कर्मी को राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की निरंतर प्रेरणा भी देगी।

उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें देश के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव का संदेश देता है। यह विशाल ध्वज आने वाली पीढ़ियों के लिए भी राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की प्रेरणा का केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में डीवीसी के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने विशाल तिरंगे के समक्ष राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपने योगदान का संकल्प लिया।

Other Latest News

Leave a Comment