Bokaro Thermal: कार्मेल उच्च विद्यालय, बोकारो थर्मल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं समाज सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चार दिवसीय स्काउट एंड गाइड शिविर का शिक्षिका मोनिका कर्मकार के दिशा निर्देश पर आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्काउट एंड गाइड के सिद्धांतों और व्यावहारिक कौशलों की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में बालक वर्ग के लायन,टाइगर, ईगल, जैगवार एवं पैंथर जैसी टोलियों में विभाजित किया गया, जबकि बालिका वर्ग में रोज, डेजी, सनफ्लावर, चमेली, लिली, लोटस एवं जैस्मिन जैसी टोलियाँ बनाई गईं। इन टोलियों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना, आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।

चार दिवसीय शिविर के दौरान विद्यार्थियों को स्काउट एंड गाइड के इतिहास, प्रतिज्ञा, नियमों तथा सैल्यूट की जानकारी दी गई। इसके साथ ही टेंट पिचिंग, हाईकिंग एवं नेचर स्टडी, नोट्स तैयार करने और प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने, विषम परिस्थितियों का सामना करने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर को समापन आकर्षक कैंप फायर कार्यक्रम के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और सामूहिकता, भाईचारे तथा सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का परिचय दिया। कैंप फायर ने चार दिवसीय शिविर के अनुभवों को यादगार बना दिया।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अनुशासित, आत्मनिर्भर, कर्तव्यनिष्ठ एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना था। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल स्काउट एंड गाइड के नियमों और गतिविधियों को सीखा, बल्कि सहयोग, सेवा, साहस और प्रकृति संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों को भी आत्मसात किया। विद्यालय के प्रधानाचार्या सिस्टर प्रेमलता लॉरेंस ए सी सभी स्कॉट और गाइड के सभी सदस्य साथ ही साथ इस शिविर के ट्रेनर विकास करमाली, दीपक साव, रवि मल्लाह, फिरदोस रजा को बहुत बहुत धन्यवाद दिए ।










