Kathara: दिनांक 13 अक्टूबर दिन मंगलवार को डॉ राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, बोकारो के तत्वाधान में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 में अंतर-विद्यालयी देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बोकारो क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपनी सुमधुर संगीतमय प्रस्तुति से संपूर्ण परिसर को देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत कर दिया।
कड़े मुकाबले के बीच डी.ए.वी. कथारा के विद्यार्थियों ने अपनी अद्भुत संगीत साधना, वेशभूषा और लयबद्ध गायन से सभी का दिल जीत लिया तथा द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का डंका बजाया। विद्यालय की तरफ से इस प्रतियोगिता में निधि कुमारी, अनुश्री, राजनंदिनी, मुनमुन रानी, प्रकृति प्रधान, एशानी दत्ता, प्राण्या कीर्ति, यश सिन्हा एवं अर्नव सिन्हा ने शिरकत की।

प्रथम स्थान एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान डी.ए.वी. कथारा ने हासिल किया, तथा तृतीय स्थान संयुक्त रूप से माउंट सियोन और डी.ए.वी. सेक्टर-4 का रहा। प्रतियोगिता के समापन पर अतिथियों द्वारा विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में निर्णय की जिम्मेदारी ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी), रांची की विशेषज्ञ निर्णायक मंडली द्वारा निभाई गई। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के सजीव प्रदर्शन, सुर-ताल और मंच पर उनके आत्मविश्वास की जमकर तारीफ की।
सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के महासचिव डॉ.जी.एन.खान ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार की अंतर-विद्यालयी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों के अंदर देशप्रेम की भावना जगाने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व निर्माण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित विद्यालयों के बीच डीएवी कथारा का यह प्रदर्शन विद्यार्थियों की लगन और संगीत शिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम है। डीएवी कथारा की इस शानदार उपलब्धि में विद्यालय के संगीत शिक्षक- संगीत कुमार, रिया सिन्हा और अश्विनी कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन और रियाज के कारण बच्चों ने यह परचम लहराया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों व सहोदया कॉम्प्लेक्स के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें उपाध्यक्ष डॉ आमिर हुसैन, संयुक्त सचिव डॉ. रीना ठाकुर, कोषाध्यक्ष फादर वर्गीस जोशी, माउंट सियोन स्कूल के डायरेक्टर संजीव कुमार ठाकुर और मिथिला एकेडमी के प्राचार्य सहित अन्य शिक्षाविद शामिल थे। इस शानदार सफलता पर डीएवी कथारा परिवार में अत्यंत हर्ष और गर्व का माहौल है।










