Ghaziabad: गाजियाबाद की SWAT टीम और ट्रांस हिंडन पुलिस ने खुद को IB अधिकारी बताकर व्यापारी को धमकाने और करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अनिकेत और सलमान अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में अनिल प्रताप नाम का आरोपी पहले IB में सिक्योरिटी में ज्वाइंट डायरेक्टर के पद पर कार्य कर चुका है। इसी पुराने पद और पहचान का फायदा उठाकर आरोपी लोगों पर अपना प्रभाव बनाते थे और खुद को IB से जुड़ा अधिकारी बताकर धमकाते थे।

आरोपियों ने एक व्यापारी को उसके पुराने मामले का हवाला देकर पहले 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद रकम घटाकर 3 करोड़ रुपये और फिर बातचीत के बाद 1 करोड़ रुपये में सौदा तय किया गया। व्यापारी को आरोपियों की गतिविधियों पर शक हुआ तो उसने पुलिस से शिकायत कर दी।
जांच के दौरान सामने आया कि व्यापारी के फार्म की मैनेजर के नाम से CBI का एक नोटिस आया था। इसी नोटिस के जरिए आरोपी व्यापारी के संपर्क में आए और खुद को जांच से जुड़े अधिकारी बताकर उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने केस खुलवाकर फंसाने और कार्रवाई कराने की धमकी दी। इसके बाद रकम की मांग और दबाव लगातार बढ़ाया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से रंगदारी के तौर पर दी गई रकम में से 2 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी अनिकेत और सलमान की तलाश में जुटी है।
गिरोह का खुलासा करने वाली SWAT टीम और ट्रांस हिंडन पुलिस की कार्रवाई पर DCP ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मामले में जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।










