रायबरेली: चंदापुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत शिव राम कोहली का पुरवा में मंगलवार को मिशन शक्ति अभियान (Mission Shakti Campaign) के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों और महिला सुरक्षा से जुड़े सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस मौके पर चंदापुर चौकी इंचार्ज वेद प्रकाश पांडे मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने 112, 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 वुमन पावर लाइन और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के नंबर साझा किए और किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की।

वेद प्रकाश पांडे ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। बेटियों की शिक्षा, सम्मान और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। किसी भी महिला के साथ दुर्व्यवहार या उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत के लोगों ने पुलिस टीम का धन्यवाद किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से गांव की महिलाओं को काफी जानकारी मिली है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उपस्थित रहे। चौकी प्रभारी ने अंत में सभी से शपथ दिलाई कि वे मिशन शक्ति के संदेश को अपने घर-परिवार तक पहुंचाएंगे।
इस मौके पर देव प्रकाश पांडे, गोविंद नारायण पाण्डेय, आशुतोष पाण्डेय सेक्टर संयोजक, जन्मेजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष, डब्बू सिंह प्रधान सिकंदरपुर
आदि लोग मौजूद रहे।










