पंजाब निकाय चुनाव नतीजे LIVE: कई शहरों में AAP आगे, कांग्रेस और निर्दलीयों ने भी दिखाई ताकत

Punjab Election Result 2026: बठिंडा से मोहाली तक AAP का दबदबा, कई वार्डों में कांटे की टक्कर

पंजाब में नगर निगम, नगर कौंसिल और ग्राम पंचायत चुनावों के नतीजे लगातार सामने आ रहे हैं। राज्य के 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 ग्राम पंचायतों के लिए वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। पूरे पंजाब में कुल 115 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

इन चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल समेत सभी राजनीतिक दलों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों और घोषित नतीजों में कई जगह आम आदमी पार्टी बढ़त बनाती दिखाई दे रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है।

बठिंडा जिले में AAP और निर्दलीयों का अच्छा प्रदर्शन

जिला बठिंडा के मेहराज नगर में वार्ड नंबर-6 से AAP उम्मीदवार सुखचैन सिंह 12 वोटों से जीत गए। वहीं वार्ड नंबर-7 से करमजीत कौर ने 31 वोटों से जीत दर्ज की। वार्ड नंबर-9 से वीरपाल कौर विजेता घोषित हुईं।

नाथाना में वार्ड नंबर-4 से निर्दलीय उम्मीदवार रामनदीप सिंह ने 83 वोटों से जीत हासिल की, जबकि वार्ड नंबर-6 से अकाली दल के कुलदीप राय ने बेहद करीबी मुकाबले में सिर्फ 2 वोटों से जीत दर्ज की।

कोठा गुरु में भी आम आदमी पार्टी का दबदबा देखने को मिला। यहां वार्ड नंबर-1, 2, 6 और 7 में AAP उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि वार्ड नंबर-3 से अकाली दल की बलविंदर कौर विजेता रहीं।

लहरा मोहब्बत में निर्दलीय और अकाली दल के उम्मीदवारों ने अच्छा प्रदर्शन किया। यहां कई वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीतने में सफल रहे।

आदमपुर और करतारपुर में AAP आगे

नगर कौंसिल आदमपुर में वार्ड नंबर-1 से 7 तक की मतगणना पूरी हो चुकी है। इनमें से 4 वार्डों में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार विजयी रहे, जबकि 3 वार्डों में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।

करतारपुर नगर कौंसिल चुनाव में भी AAP का दबदबा दिखाई दिया। यहां 15 वार्डों में से 9 पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की। कांग्रेस को 3 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा और दो निर्दलीय उम्मीदवार भी जीतने में सफल रहे। वार्ड नंबर-2 से जतिन शर्मा, वार्ड नंबर-4 से जसलीन कौर और वार्ड नंबर-15 से मनजिंदर कौर समेत कई AAP उम्मीदवारों ने शानदार जीत हासिल की।

होशियारपुर और टांडा उड़मुड़ में कांग्रेस-AAP की टक्कर

जिला होशियारपुर के दसूहा नगर कौंसिल में वार्ड नंबर-1 और 6 में AAP उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि वार्ड नंबर-5 और 7 में कांग्रेस उम्मीदवार विजेता रहे।

टांडा उड़मुड़ नगर कौंसिल में कांग्रेस और AAP के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। यहां वार्ड नंबर-1, 2, 4 और 5 में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि वार्ड नंबर-3 से AAP उम्मीदवार सरोज वाला विजयी रहे।

गिद्दड़बाहा और मुक्तसर में AAP मजबूत

गिद्दड़बाहा में AAP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड नंबर-1, 2, 3, 4, 5, 7 और 8 में जीत दर्ज की। श्री मुक्तसर साहिब में भी आम आदमी पार्टी ने कई वार्डों में जीत हासिल की, जबकि अकाली दल और कांग्रेस को भी कुछ वार्डों में सफलता मिली।

खन्ना, कपूरथला और मोहाली में मिले-जुले नतीजे

जिला खन्ना में वार्ड नंबर-1 से भाजपा उम्मीदवार जीते, जबकि वार्ड नंबर-2, 3, 5 और 6 में AAP उम्मीदवार विजयी रहे। वार्ड नंबर-4 कांग्रेस के खाते में गया।कपूरथला जिले के चार वार्डों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। इनमें वार्ड नंबर-1, 6, 7 और 11 शामिल हैं। मोहाली जिले में आम आदमी पार्टी ने दो वार्ड निर्विरोध जीत लिए। डेराबस्सी के वार्ड नंबर-19 और लालरू के वार्ड नंबर-9 में AAP उम्मीदवार बिना मुकाबले के विजेता घोषित हुए।

जीरकपुर और पायल में अभी जारी है मुकाबला

जीरकपुर नगर कौंसिल चुनाव में पहले राउंड की मतगणना जारी है। वार्ड नंबर-1 में अकाली दल और भाजपा उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। वहीं पायल नगर कौंसिल में शुरुआती रुझानों के मुताबिक AAP, कांग्रेस, अकाली दल और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबला बना हुआ है। अभी कई वार्डों की गिनती बाकी है, इसलिए तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है।

चुनाव परिणामों पर सबकी नजर

पंजाब निकाय चुनावों के ये नतीजे आने वाले समय की राजनीति के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी जहां अपने संगठन को मजबूत करने में लगी है, वहीं कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। आने वाले घंटों में बाकी वार्डों के नतीजे भी सामने आएंगे, जिससे पंजाब की राजनीतिक तस्वीर और साफ हो जाएगी।

Other Latest News

Leave a Comment