Raebareli: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने सोमवार को रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक रायबरेली को वीआईपी जनपद और वीआईपी संसदीय क्षेत्र का दर्जा तो मिला, लेकिन वीआईपी के नाम पर जनता को बदहाली, अराजकता और अभाव ही मिला। गरीबों को सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ नहीं पहुंचता था, जबकि अब केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने रायबरेली दौरे के दौरान जिले को 879 करोड़ रुपये की 347 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें रायबरेली, हरचंदपुर और बछरावां विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों के लिए बधाई दी।

मंगलवार के व्रत का जिक्र, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर निशाना
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर धार्मिक आस्था को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मंगलवार के दिन हिंदू समाज के लोग व्रत रखते हैं और सभी बजरंगबली के भक्त हैं। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष के हनुमानगढ़ी जाने और बाद में एक कार्यक्रम में मछली की दावत में शामिल होने का दावा करते हुए कहा कि यही ‘मुंह में राम, बगल में छुरी’ वाली राजनीति है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर युवाओं और बेटियों को भड़काने तथा ‘अर्बन नक्सलवाद’ को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।
‘85 पैसे कौन खाता था?’ पर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के उस पुराने बयान का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही नीचे पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि बाकी 85 पैसे कौन खाता था?
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासनकाल में भ्रष्टाचार के कारण योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
‘मॉडर्न कोच फैक्ट्री’ को बताया रायबरेली की नई पहचान
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रायबरेली में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2014 से पहले लालगंज स्थित मॉडर्न कोच फैक्ट्री उपेक्षा का शिकार थी, लेकिन आज यही रेल कोच फैक्ट्री रायबरेली की नई पहचान बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि बीते वर्ष रिकॉर्ड संख्या में कोचों का निर्माण हुआ और प्रतिष्ठित वंदे भारत ट्रेन के डिब्बे भी रायबरेली की इसी फैक्ट्री में तैयार किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की यह रफ्तार उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर को दर्शाती है।
सांसद और विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने विपक्ष के नेताओं पर रायबरेली और अमेठी को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता देश और प्रदेश के बाहर जाकर उत्तर प्रदेश की छवि खराब करने तथा नौजवानों को भ्रमित करने का काम करते हैं।
अयोध्या में राम मंदिर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोग राम मंदिर निर्माण को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने सपा से भाजपा में शामिल हुए विधायक मनोज पांडेय का नाम लेते हुए कहा कि जिन्होंने प्रभु श्रीराम का सम्मान किया और पार्टी की पाबंदियों की परवाह किए बिना राम मंदिर के दर्शन किए, उनका स्वागत है।
अखिलेश यादव के बयान पर भी तंज
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर भी टिप्पणी की, जिसमें पार्टी के परिवार के पांच सांसदों के कारण बची रहने की बात कही गई थी। योगी ने सवाल किया कि यदि पार्टी केवल परिवार के पांच सांसदों की वजह से बची है तो बाकी सांसदों का क्या काम है?
शहीद वीरा पासी की प्रतिमा और स्मारक का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार शहीदों और महापुरुषों के सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने शहीद वीरा पासी के सम्मान में प्रतिमा स्थापित किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि जल्द ही उनका भव्य स्मारक भी बनाया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राणा बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और उनकी स्मृति में बनाए गए भव्य ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया।
मिड-डे मील रसोइयों के लिए चार योजनाओं की घोषणा
रक्षाबंधन पर्व से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत 3.53 लाख से अधिक मिड-डे मील रसोइयों के लिए चार नई योजनाओं की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रसोइयों के कल्याण, आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। इन योजनाओं से प्रदेश के हजारों रसोइयों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
‘जेल या जहन्नुम’ की चेतावनी
बेटियों और बहनों की सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब केवल दो ही जगह बची हैं—जेल या जहन्नुम। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश युवाओं की आकांक्षाओं को उड़ान दे रहा है और विकास की तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि गरीबों को स्वास्थ्य, आवास, राशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री के संबोधन के समापन के साथ ही जनसभा स्थल ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।










