रायबरेली: शहर स्थित सिविल लाइन के एक निजी होटल में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने आज दिनाँक 29 मई 2026 दिन शुक्रवार को समय करीब 2 बजे नवनियुक्त सहायक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र एवं स्मार्टफोन वितरित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा छह वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी निभाकर राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका अदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर लगातार गंभीर है और इसी दिशा में तकनीक का उपयोग बढ़ाया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि स्मार्टफोन मिलने से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों में तकनीकी दक्षता बढ़ेगी और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी। अब पोषण ट्रैकिंग, बच्चों का डाटा संकलन, गर्भवती महिलाओं की निगरानी और सरकारी योजनाओं की जानकारी ऑनलाइन माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकेगी।
इस दौरान मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनसमर्थन खो चुका विपक्ष अपनी हार छिपाने के लिए सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग और सेना जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
एसआईआर (SIR) को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए मंत्री ने कहा कि न्यायपालिका पर देश की जनता को पूरा भरोसा है और विपक्ष को भी संस्थाओं पर अनावश्यक टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त सहायक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में उत्साह देखने को मिला। नियुक्ति प्रमाण पत्र एवं स्मार्टफोन पाकर उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।










