Raebareli: BEO पर बीच सड़क जानलेवा हमला, कार रोककर बदमाशों ने शिक्षक संग बेरहमी से पीटा

ड्राइवर को छोड़ा, कार की चाबी लेकर फरार; दोनों घायल जिला अस्पताल रेफर, पुलिस जांच में जुटी

रायबरेली (Raebareli) जिले में बछरावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेखौफ बदमाशों ने शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को बीच सड़क निशाना बनाकर कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। बछरावां थाना क्षेत्र में कार से लखनऊ जा रहे खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) मुकेश कुमार और शिक्षक राजेश यादव पर घात लगाकर हमला कर दिया गया। बदमाशों ने कार रुकवाकर दोनों को बाहर खींचा और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात बछरावां थाना क्षेत्र के पश्चिम गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार खीरों ब्लॉक में तैनात बीईओ मुकेश कुमार शिक्षक राजेश यादव के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया। देखते ही देखते हमलावरों ने दोनों पर टूट पड़े और सड़क पर गिराकर जमकर मारपीट की। हमले के दौरान चालक को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया, लेकिन हमलावर कार की चाबी लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बछरावां पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बछरावां कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना हुई है। बदमाशों ने बीईओ और शिक्षक के साथ मारपीट की है, जबकि चालक को छोड़ दिया गया। हमलावर कार की चाबी भी अपने साथ ले गए हैं। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, मुकेश कुमार जिले के उन पांच खंड शिक्षा अधिकारियों में शामिल हैं, जिनका हाल ही में बीईओ से बीएसए पद पर चयन हुआ है। शिक्षा विभाग में उनकी पहचान सख्त और अनुशासनप्रिय अधिकारी के रूप में होती है। ऐसे में दिनदहाड़े उन पर हुआ हमला कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस हमले के पीछे की वजह, पुरानी रंजिश और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

वहीं घटना के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। सीएचसी बछरावां मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर प्रभात ने बताया कि दोनों घायलों को गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Other Latest News

Leave a Comment