Raebareli: भाजपा नेत्री अनीता श्रीवास्तव का व्हाट्सऐप हैक, हजारों लोगों से मांगे गए पैसे

Raebareli: रायबरेली जिले में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला भाजपा नेत्री एवं सदर विधानसभा प्रत्याशी अनीता श्रीवास्तव से जुड़ा है। बुधवार को उनका मोबाइल नंबर और व्हाट्सऐप अकाउंट कथित तौर पर हैक कर लिया गया। हैकर्स ने उनके नंबर का इस्तेमाल करते हुए संपर्क में मौजूद हजारों लोगों को मैसेज भेजकर रुपये की मांग शुरू कर दी। मामला संज्ञान में आते ही अनीता श्रीवास्तव ने तत्काल साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बताया गया कि हैकर्स की ओर से कई लोगों को मैसेज भेजे गए। मैसेज में यूपीआई काम नहीं करने का हवाला देते हुए तत्काल 10 हजार रुपये भेजने की मांग की गई। एक मैसेज में लिखा था कि, एक्चुअली मेरा यूपीआई काम नहीं कर रहा है और मुझे 10,000 रुपये अर्जेंट भेज दो, मैं आज बुधवार सुबह 11 बजे वापस कर दूंगी। ”परिचित व्यक्ति के नाम और नंबर से आया मैसेज होने के कारण कई लोगों को शुरुआत में यह वास्तविक लगा।

मामले की जानकारी होते ही अनीता श्रीवास्तव ने साइबर थाना पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब चार से पांच घंटे के भीतर हैक हुआ नंबर बहाल करा दिया। इसके बाद भाजपा नेत्री की ओर से लोगों को सावधान रहने की अपील की गई। अनीता श्रीवास्तव ने वीडियो जारी कर आम लोगों से कहा कि उनके नंबर से यदि किसी भी व्यक्ति के पास पैसे मांगने वाला फोन या मैसेज आता है तो उस पर कतई भरोसा न करें।किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से दूसरे माध्यम से संपर्क कर पुष्टि जरूर करें।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार,किसी परिचित के मोबाइल या व्हाट्सऐप नंबर से अचानक पैसे की मांग आने पर बिना पुष्टि के भुगतान नहीं करना चाहिए। ओटीपी,यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी अथवा कोई गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान एप डाउनलोड करने से भी बचें।यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन आर्थिक धोखाधड़ी हो जाती है तो उसे बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

भाजपा नेत्री के नंबर हैक होने की घटना ने एक बार फिर मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल नंबर बहाल होने के बाद अनीता श्रीवास्तव ने अपने संपर्क में आने वाले सभी लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध मैसेज पर विश्वास नहीं करने की अपील की है।

Other Latest News

Leave a Comment