Raebareli: शहर का रेलवे अंडरपास बना हादसे का खतरा, दीवार से तेज धार में निकल रहा पानी; जलनिकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

Raebareli: रायबरेली में लगातार हो रही बारिश के चलते आज दिनांक 2 सितंबर 2026 दिन बुधवार को समय करीब 7:30 बजे एक गंभीर मामला सामने आया है जिसके वीडियो वायरल हो रहे हैं दरअसल शहर के डबल फाटक रेलवे ट्रैक के नीचे बने अंडरपास में इन दिनों जलभराव की समस्या राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। अंडरपास की दीवार से तेज धार में पानी निकलने के कारण रास्ते में लगातार पानी जमा हो रहा है। इससे जहां आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं सड़क पर फिसलन की स्थिति भी बनी हुई है। ऐसे में अंडरपास से गुजरने वाले लोगों को हादसे का डर सताने लगा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक अंडरपास की दीवार से निकल रहे पानी का बहाव इतना तेज है कि रास्ते से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। पानी जमा होने और सड़क पर फिसलन के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका बनी रहती है। वहीं पैदल राहगीरों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

लोगों का आरोप है कि अंडरपास में जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। पानी की निकासी के लिए समुचित इंतजाम न होने से अंडरपास में जलभराव की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से अंडरपास का स्थलीय निरीक्षण कर पानी निकलने के कारणों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने, जमा पानी को तत्काल हटाने और अंडरपास में सुरक्षा के इंतजाम दुरुस्त कराने की मांग उठाई है।

अब लोगों की नजर संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। सवाल यह है कि किसी हादसे के बाद व्यवस्था जागेगी या उससे पहले ही अंडरपास की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।

Other Latest News

Leave a Comment