Raebareli News: चुनाव आयोग के खिलाफ सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, नसीराबाद और परशदेपुर में किया जोरदार प्रदर्शन

Raebareli: रायबरेली जिले के सलोन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले परशदेपुर और नसीराबाद कस्बों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देश की चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गिरती विश्वसनीयता को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

परशदेपुर में अर्जुन पासी के नेतृत्व में विरोध

गुरुवार को परशदेपुर नगर में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अर्जुन पासी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। जनसभा को संबोधित करते हुए अर्जुन पासी (Arjun Pasi) ने कहा, “लोकतंत्र की असली ताकत निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था में निहित है। यदि जनता के मन में चुनावी प्रक्रिया को लेकर जरा भी संदेह पैदा होता है, तो इससे पूरी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो जाते हैं।” प्रदर्शन में मुख्य रूप से डीह ब्लॉक अध्यक्ष शिवदर्शन पासी, नगर अध्यक्ष मोहम्मद इस्माइल और किरन देवी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नसीराबाद में पैदल मार्च और माल्यार्पण

दूसरी ओर, नसीराबाद में विधानसभा प्रभारी अशोक शुक्ला के नेतृत्व में एक बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नसीराबाद की हरिजन कॉलोनी में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हरिजन कॉलोनी से मऊ तिराहे तक एक विशाल पैदल मार्च निकालकर अपनी ताकत का अहसास कराया।

अशोक शुक्ला ने संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि चुनाव आयोग को जनता के भरोसे पर खरा उतरना चाहिए। इस प्रदर्शन में डॉ.श्याम सुंदर तिवारी, अनुराग द्विवेदी, अरविंद मौर्य, राज बहादुर पासी और मोहित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में न्याय पंचायत स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और स्वतंत्र चुनाव प्रणाली के लिए पार्टी का यह जमीनी संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Other Latest News

Leave a Comment