Raebareli: डिग्री कॉलेज चौराहे के पास विशाल पीपल का पेड़ गिरा, घंटों प्रभावित रहा आवागमन

Raebareli: रायबरेली शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के डिग्री कॉलेज चौराहे के समीप दिनांक 26 अगस्त 2026 दिन बुधवार देर रात करीब 11:00 बजे भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से शहर की सबसे व्यस्ततम सड़कों में शामिल इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और राहगीरों व वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना बुधवार 26 अगस्त की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पवन नमकीन दुकान के पास स्थित हनुमान मंदिर के बगल में खड़ा पीपल का विशाल पेड़ तेज हवा और लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक भरभराकर सड़क पर जा गिरा। पेड़ इतना बड़ा था कि सड़क का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। गनीमत रही कि देर रात हुई घटना में कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।

पेड़ गिरने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर पुलिस तथा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का काम शुरू कराया। पेड़ के कारण यातायात प्रभावित होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए आवागमन सुचारू कराने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश और तेज हवाओं के दौरान शहर में कई स्थानों पर पेड़ और डालियां टूटने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में सड़क किनारे खड़े जर्जर और पुराने पेड़ों की जांच कराकर समय रहते आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जरूरत है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

Other Latest News

Leave a Comment