रायबरेली: गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोरी और दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रायबरेली जिले के सलोन थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के पास हुआ, जो प्रतापगढ़ और रायबरेली की सीमा क्षेत्र में बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से जौनपुर लौट रहे परिवार की तेज रफ्तार कार गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक किशोरी और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल प्रतापगढ़ के सीएचसी संग्रामगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर सीओ सलोन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।










