Raebareli: जगतपुर थाना क्षेत्र के पालकीहार मजरे चितौली गांव में नहर किनारे झोपड़ी में रह रहे करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग राम लखन पासी की हत्या का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में करीब 22 वर्षीय युवक शिवम को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद किए जाने की बात पुलिस ने बताई है।
जानकारी के मुताबिक राम लखन पासी नहर किनारे झोपड़ी बनाकर रहते थे। झोपड़ी के पास ही एक मंदिर था, जहां वह सेवादारी करने के साथ लोगों की झाड़-फूंक भी किया करते थे। रविवार को उनका शव झोपड़ी के पास बरामद हुआ। बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई और सूचना मिलते ही जगतपुर पुलिस जांच में जुट गई।

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी शिवम ने कथित तौर पर बताया कि उसके पिता की तबीयत खराब होने पर राम लखन ने उनकी झाड़-फूंक की थी। इसके बाद उसके पिता की मौत हो गई। इसी बात को लेकर उसके मन में राम लखन के प्रति गुस्सा था। आरोपी के मुताबिक इसी रंजिश में उसने कुल्हाड़ी से हमला कर बुजुर्ग की हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने का दावा किया। हत्या के कुछ ही घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रायबरेली आगमन से पहले जिले में हुई इस हत्या की वारदात से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई थी। हालांकि, जगतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब छह घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर मामले के खुलासे का दावा किया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के साथ ही हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।










