Raebareli: रायबरेली में गुरुवार को समय करीब 2 बजे ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के कोटेदार संघ के उपाध्यक्ष कल्याण शंकर मिश्रा के नेतृत्व में गुरुवार को दर्जनों कोटेदार जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे। कोटेदारों ने सरकार की ओर से कमीशन में ₹35 की बढ़ोतरी किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार जताया।
उपाध्यक्ष कल्याण शंकर मिश्रा ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों उचित दर विक्रेताओं को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोटेदार लंबे समय से अपने कमीशन में बढ़ोतरी की मांग करते आ रहे थे। कमीशन में ₹35 की वृद्धि किए जाने के निर्णय का संघ स्वागत करता है और इसके लिए मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री का धन्यवाद करता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोटेदारों को करीब ₹125 कमीशन मिल रहा है, जबकि पहले यह राशि करीब ₹90 थी। संघ की मांग है कि कोटेदारों के कमीशन को बढ़ाकर ₹200 प्रति क्विंटल किया जाए, ताकि उचित दर विक्रेताओं को बढ़ती महंगाई और संचालन खर्च के बीच राहत मिल सके।
कल्याण शंकर मिश्रा ने कहा कि सरकारी राशन वितरण व्यवस्था को गांव-गांव तक पहुंचाने में कोटेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद दुकान का किराया, बिजली, श्रमिकों का खर्च और अन्य परिचालन लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वर्तमान कमीशन में और बढ़ोतरी किया जाना जरूरी है।
जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे कोटेदारों ने सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए अपनी अन्य मांगों को भी प्रमुखता से उठाया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कमीशन ₹200 किए जाने से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे राशन वितरण व्यवस्था को और बेहतर ढंग से संचालित कर सकेंगे।
कोटेदार संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी शेष मांग पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में कोटेदार एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।










