Raebareli: बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी गांव में प्रेम संबंध का बेहद खौफनाक अंजाम सामने आया है। आरोप है कि शादीशुदा प्रेमिका ने फोन कर प्रेमी को मिलने के लिए बुलाया और फिर पति के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने महिला और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैया गांव निवासी रमाकांत के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रमाकांत के पास एक शादीशुदा महिला का फोन आया था। फोन आने के बाद वह अपनी कार से उससे मिलने के लिए बछरावां क्षेत्र के खैरहनी गांव पहुंचा। आरोप है कि वहां महिला और उसका पति पहले से मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि दोनों ने रमाकांत पर ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले में महिला और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर प्रेम संबंध को लेकर ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसके बाद मुलाकात के बहाने बुलाए गए रमाकांत की हत्या कर दी गई।
सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और हत्या में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, इसका भी पता लगाया जा रहा है।










