Raebareli: लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के नया पुरवा मोहल्ले में जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मोहल्ले के करीब 100 घर पानी में डूब गए हैं, जिससे लगभग 400 लोगों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। जलभराव के कारण प्रभावित परिवारों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है और लोग मुश्किल परिस्थितियों में जीवन गुजारने को मजबूर हैं।
ऐसे संकट के बीच समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव शशिकांत शर्मा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने नया पुरवा पहुंचकर जलभराव से प्रभावित परिवारों का हाल जाना और घर-घर जाकर राहत सामग्री वितरित की। राहत सामग्री में आटा, दाल, चावल, खाद्य तेल, नमक, आलू, प्याज समेत अन्य जरूरी खाद्य सामग्री शामिल रही।

सपा प्रदेश सचिव ने लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि मुश्किल की इस घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में समाज के सक्षम लोगों और जनप्रतिनिधियों को आगे आकर पीड़ितों की मदद करनी चाहिए, ताकि किसी परिवार को भोजन और जरूरी सामान के लिए परेशान न होना पड़े।
वहीं, राहत सामग्री मिलने से जलभराव से प्रभावित परिवारों को काफी राहत मिली। स्थानीय लोगों ने कहा कि लगातार बारिश और पानी भरने के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कमी के बीच राहत सामग्री मिलने से उन्हें तत्काल सहारा मिला है। लोगों ने सपा प्रदेश सचिव शशिकांत शर्मा का आभार जताते हुए धन्यवाद दिया।
स्थानीय निवासी आकाश शुक्ला ने भी प्रभावित परिवारों की स्थिति और जलभराव की समस्या को गंभीर बताते हुए राहत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से भी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।










