Raebareli: रायबरेली जिले में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। आपको बता दे कि आज दिनांक 28 अगस्त 2026 दिन शुक्रवार को समय करीब 1 बजे पहुंचे। पूर्व विधायक हरचंदपुर ने बताया विधानसभा क्षेत्र के पूरे दुनियापति मजरे कोरिहर गांव में बारिश के बीच एक पक्का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान घर के अंदर मौजूद करीब 60 वर्षीय चंदेला देवी मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग तत्काल मौके की ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसी चंदेला देवी को बाहर निकाला। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मकान के अचानक गिरने से परिवार की गृहस्थी भी प्रभावित हुई है और परिजनों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद हरचंदपुर के पूर्व विधायक राकेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने मकान गिरने से हुए नुकसान का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। पूर्व विधायक ने परिवार को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं और प्रशासन से हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
पूर्व विधायक ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि बारिश के कारण मकान गिरने से प्रभावित परिवार को नियमानुसार मिलने वाली सहायता का लाभ एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण गांव में कई मकान जर्जर स्थिति में पहुंच गए हैं। ऐसे में प्रशासन को गांवों में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराकर संभावित हादसों को रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए। इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और सुरक्षित आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है।










