Raebareli: सदर तहसील के सामने मुख्यमंत्री के दौरे से पहले चमकीं नालियां, चौथे दिन बाद फिर जलभराव ने खोली व्यवस्था की पोल

Raebareli: रायबरेली शहर में शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को करीब दोपहर 12 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। वायरल वीडियो सदर तहसील गेट के सामने का बताया जा रहा है, जहां सड़क पर भारी जलभराव दिखाई दे रहा है। हालात इतने बदतर हैं कि लोगों को पैदल निकलने में परेशानी हो रही है, जबकि पानी में वाहन फंसते और डूबते नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि 24 अगस्त को इसी मार्ग से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला गुजरा था। मुख्यमंत्री राणा बेनी माधव सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायबरेली पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ था और मार्ग के आसपास नालियों एवं नालों की साफ-सफाई सहित तमाम व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई गई थीं। ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे के महज कुछ दिन बाद ही उसी रास्ते पर जलभराव की स्थिति पैदा होना जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।

वायरल वीडियो में सड़क पर काफी मात्रा में पानी भरा दिखाई दे रहा है। जलभराव के चलते राहगीरों को रास्ता पार करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं वाहन चालकों को भी पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। कई वाहनों के पानी में फंसने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नालियों और नालों की सफाई वास्तव में ठीक ढंग से कराई गई थी तो बारिश के बाद इतनी बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर क्यों जमा हो गया? लोगों ने जल निकासी व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से स्थायी समाधान की मांग की है।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिस मार्ग को साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखाने के लिए पूरी मशीनरी जुटी रही, उसी मार्ग पर कुछ ही दिनों बाद जलभराव की तस्वीर सामने आने से व्यवस्थाओं पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों का आरोप है कि बारिश के समय जल निकासी की समस्या बार-बार सामने आती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग स्थायी समाधान के बजाय औपचारिक सफाई तक सीमित रह जाते हैं।

फिलहाल वायरल वीडियो सामने आने के बाद भी इस मामले में संबंधित किसी अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराते हैं या फिर यह समस्या बारिश के साथ ही लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी रहती है।

Other Latest News

Leave a Comment