Raebareli: सलोन में सपा की सियासी हलचल तेज, महेंद्र सोनकर ने अखिलेश यादव से की मुलाकात

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ी सक्रियता, टिकट के दावेदारों के बीच चर्चा तेज

Raebareli: वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सलोन विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से टिकट के संभावित दावेदारों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में सलोन विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद के संभावित उम्मीदवार महेंद्र सोनकर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद सलोन की सियासत में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है।

बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा हुई। अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी चुनाव को लेकर फीडबैक लेने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। हालांकि मुलाकात में टिकट को लेकर क्या बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सलोन विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी से टिकट के लिए कई लोग अपनी दावेदारी सोशल मीडिया के माध्यम से जाहिर कर चुके हैं। अलग-अलग संभावित दावेदार क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई भी दावेदार आधिकारिक तौर पर पार्टी की ओर से प्रत्याशी घोषित नहीं हुआ है। ऐसे में टिकट को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है।

महेंद्र सोनकर की बात करें तो वह पिछले कई चुनावों से समाजवादी पार्टी के टिकट के लिए प्रयासरत बताए जाते हैं। पार्टी संगठन और क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने वाले महेंद्र सोनकर को इस बार टिकट मिलने की उम्मीद के बीच अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को ही करना है।

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में सलोन सीट पर मुकाबला बेहद करीबी रहा था। भारतीय जनता पार्टी के अशोक कोरी ने चुनाव में जीत दर्ज की थी। कम अंतर से मिली हार के बाद समाजवादी पार्टी इस सीट को आगामी चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है। यही वजह है कि चुनाव में अभी समय होने के बावजूद संभावित प्रत्याशियों और संगठन की सक्रियता ने क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि समाजवादी पार्टी सलोन विधानसभा से किस चेहरे पर दांव लगाएगी। महेंद्र सोनकर लंबे समय से टिकट की दौड़ में हैं, वहीं अन्य दावेदार भी अपनी-अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले सलोन में सपा का टिकट किसके हिस्से आता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। फिलहाल महेंद्र सोनकर की अखिलेश यादव से मुलाकात ने संभावित टिकट को लेकर चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है।

Other Latest News

Leave a Comment