Raebareli: भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे रघुराज मजरे सरायदामू गांव के शिवम यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों सुभाष और उपेंद्र अवस्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह मृतक के आरोपी सुभाष की भाभी से कथित संबंधों को लेकर उपजी लोकलाज और बदनामी थी।
पुलिस के अनुसार 5 सितंबर की रात सरोज कुमार का पुत्र शिवम यादव अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर भदोखर थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई। अगले दिन शिवम का शव सई नदी में पड़ा मिला। शव मिलने के बाद मामले ने हत्या का रूप ले लिया। मृतक के पिता की तहरीर पर भदोखर थाने में मुकदमा संख्या 255/2026 के तहत धारा 103(1)/238(बी) बीएनएस में रिपोर्ट दर्ज की गई।

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम के नेतृत्व में भदोखर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और धरातलीय साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी सुभाष ने बताया कि शिवम उसका भतीजा था और उसका घर आना-जाना था। शिवम के सुभाष की भाभी से कथित संबंध होने की बात को लेकर वह लोकलाज और बदनामी से परेशान था। इसी वजह से उसने साथी उपेंद्र अवस्थी के साथ 4 सितंबर को हत्या की योजना बनाई।
आरोपियों ने शिवम को सई नदी के पास गड़ा धन मिलने का लालच देकर 5 सितंबर की रात कोरचंदामऊ-लोधवारी पुल के पास बुलाया। वहां दोनों ने कथित रूप से गमछे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव सई नदी में फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल भी नदी में फेंका गया, जबकि गमछे को मिट्टी में दबा दिया गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोरचंदामऊ के पास स्थित बाग के किनारे से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल गमछा बरामद हुआ। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले के खुलासे में थाना भदोखर पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम की भूमिका रही।










