Teacher Cashless Chikitsa Yojana: मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का जनपद स्तरीय शुभारंभ बुधवार को गोपाल सरस्वती इंटर कॉलेज, रतापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षकों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की ऐतिहासिक पहल है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।सीएम ने प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, बैग एवं स्टेशनरी के लिए 1200 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में 26 शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों तथा एक शिक्षक परिवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए। चार शिक्षकों को भारतीय स्टेट बैंक में खाता खुलने पर पासबुक प्रदान की गई। वहीं प्राथमिक विद्यालय कोडरजहानपुर के पांच नवप्रवेशी बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कर स्कूल चलो अभियान की शुरुआत की गई।
मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान और विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। डीबीटी व्यवस्था से योजनाओं में पारदर्शिता आई है और लाभ सीधे पात्रों के खातों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के परिषदीय विद्यालय संसाधनों और शिक्षा की गुणवत्ता के मामले में लगातार बेहतर हो रहे हैं। सरकार शिक्षा के साथ-साथ शिक्षकों की सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
जिले में इस योजना से बेसिक शिक्षा विभाग के 16,365 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइये, केजीबीवी स्टाफ एवं विशेष शिक्षक लाभान्वित होंगे। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 691 शिक्षक भी योजना के दायरे में शामिल किए गए हैं। इसके अलावा जिले के 1,79,111 विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये की धनराशि भेजी गई है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, नगर अध्यक्ष आशुतोष पाण्डेय सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।










