Raebareli: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर लोगों के सामने उजागर हुई है। जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र स्थित हरचंदपुर चौराहे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी यूपी रोडवेज की एक बस अचानक बीच सड़क पर बंद हो गई। बस के रुकने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि बस को दोबारा चालू करने के लिए चालक और परिचालक के साथ यात्रियों को भी नीचे उतरकर धक्का लगाना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद बस आगे बढ़ सकी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई यात्री बस के पीछे खड़े होकर धक्का लगा रहे हैं, जबकि चालक बस को स्टार्ट करने का प्रयास कर रहा है। यह दृश्य उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों की जर्जर हालत और रखरखाव की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोडवेज की कई बसें तकनीकी रूप से खस्ताहाल हैं, लेकिन उन्हें लगातार सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। लोगों का कहना है कि यदि यह घटना किसी व्यस्त हाईवे या ढलान पर होती, तो बड़ा हादसा भी हो सकता था।
वीडियो (Video) वायरल होने के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सोशल मिडिया (Social Media) पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोग इसे “यूपी रोडवेज की धक्का मार सेवा” बताते हुए विभाग के रखरखाव और बसों की फिटनेस पर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल परिवहन विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि वायरल वीडियो ने परिवहन निगम के बेहतर सेवाओं के दावों की पोल खोलकर रख दी है। यात्रियों ने मांग की है कि जर्जर बसों को तत्काल हटाकर सुरक्षित और फिट वाहनों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।










