Raebareli: जलभराव से नाराज ग्रामीणों ने हैदरगढ़ मार्ग किया जाम, उपजिलाधिकारी की पहल पर शांत हुआ मामला

मौके पर पहुंची पुलिस ने खुलवाया मार्ग, ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर रखी समस्याएं

Raebareli: महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कोटवा मदनिया गांव में जलभराव की गंभीर समस्या से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को हैदरगढ़ मार्ग पर बीच सड़क बैठकर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही महराजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर सड़क से हटाया, जिसके बाद आवागमन सुचारु कराया गया।

पुलिस की कार्रवाई के बाद नाराज ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर तहसील पहुंच गए और एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम के समक्ष जलभराव से उत्पन्न समस्याओं को रखा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी भरने के कारण लोगों के साथ-साथ पशुओं को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति भी प्रभावित है और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर ग्रामीण परेशान हैं।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को राशन वितरण कराने, बिजली की लाइन को दुरुस्त कराने तथा जरूरतमंद पशुओं को गौशाला में आश्रय दिलाने का आश्वासन दिया।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार और कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव भी मौजूद रहे। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार एवं पूर्ति निरीक्षक मुकेश पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई शुरू कराई।

अधिकारियों की ओर से तत्काल व्यवस्था कराने और समस्याओं के समाधान का भरोसा मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

Other Latest News

Leave a Comment