Ranchi Land Fraud Case: झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में जमीन के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन का एकरारनामा होने का दावा कर एक व्यक्ति ने फौजी की पत्नी से सात लाख रुपये ले लिए। बाद में जब दंपती जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे, तो पता चला कि जमीन के मालिक ने उसे बेचने से इनकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर उनके साथ मारपीट की गई और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में रातू थाने में सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
फौजी को जमीन बेचने का दिया गया भरोसा

शिकायतकर्ता रजनी कुमारी खूंटी जिले के हुरहुरी निवासी सुनील तिर्की की पत्नी हैं। प्राथमिकी के अनुसार, मुख्य आरोपी राजकुमार साह ने सुनील तिर्की से संपर्क कर रातू थाना क्षेत्र के उषामातु मौजा स्थित जमीन का सौदा तय किया था। संबंधित जमीन का खाता नंबर 240, प्लॉट नंबर 471 और रकबा 10 डिसमिल बताया गया है। आरोप है कि राजकुमार ने खुद को इस जमीन का एकमात्र एकरारनामा धारक बताते हुए एक लाख रुपये प्रति डिसमिल की दर से सौदा किया।
चेक और नकद के जरिए दिए सात लाख रुपये
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, जमीन खरीदने के भरोसे में आकर दंपती ने विभिन्न चेक और नकद के माध्यम से आरोपी को कुल सात लाख रुपये दिए। रकम देने के बाद दंपती जमीन पर अपना कब्जा लेने पहुंचे और वहां नींव की खुदाई का काम शुरू कराया। इसी दौरान पंकज मुण्डा उर्फ टिंकू मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया। उन्होंने कथित तौर पर जमीन को अपनी बताते हुए कहा कि उन्होंने इसे किसी को नहीं बेचा है। इसके बाद दंपती को जमीन के सौदे में धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ।
पैसे वापस मांगने पर गाली-गलौज का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि जब रजनी कुमारी और उनके पति ने राजकुमार साह से अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी कथित तौर पर नाराज हो गया और गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगा। इसके बाद सुनील तिर्की अपनी ड्यूटी पर लौट गए। आरोप है कि पति के जाने के बाद जब रजनी कुमारी अकेले रुपये मांगने राजकुमार साह के घर पहुंचीं, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
आरोपी के परिवार की महिलाओं पर भी मारपीट का आरोप
रजनी कुमारी ने आरोप लगाया है कि राजकुमार साह और उसके बेटे परमवीर कर्ण साहू उर्फ सोनू कुमार ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। विरोध करने पर मालती देवी, सोनी देवी, मोना और अनुराधा देवी ने कथित तौर पर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि इस दौरान उन पर बंदूक तानकर दोबारा रुपये मांगने पर जमीन में गाड़ देने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई।
सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में रजनी कुमारी की शिकायत पर रातू थाने में राजकुमार साह, परमवीर कर्ण साहू उर्फ सोनू कुमार, मालती देवी, सोनी देवी, मोना, अनुराधा देवी और पंकज मुण्डा उर्फ टिंकू के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जमीन के स्वामित्व, रुपये के लेनदेन और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।










