Amethi : अमेठी जनपद के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सिंहपुर-तिलोई मार्ग पर गड़रियन का पुरवा के पास सड़क किनारे एक युवक संदिग्ध अवस्था में घायल पड़ा मिला। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने युवक को सड़क किनारे पड़े देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान इन्हौना क्षेत्र के गुलाबगंज मजरे राजापुर निवासी सूरज यादव (25) पुत्र राजाराम यादव के रूप में हुई है। पुलिस को घटनास्थल से युवक की क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि युवक की मौत को लेकर कई सवाल भी खड़े हो गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंके जाने की आशंका जताई। उन्होंने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक गहमागहमी और तनाव का माहौल बना रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस सड़क दुर्घटना और हत्या, दोनों एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।










