Ayushman Bharat Yojana: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से आयुष्मान भारत योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 मई से 14 अगस्त 2026 तक आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पात्र लाभार्थी अपने नजदीकी स्वास्थ्य शिविर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा जनसेवा केंद्र पर जाकर निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को भी इस योजना के तहत आयुष्मान कार्ड की सुविधा प्रदान की जा रही है। ऐसे सभी वृद्धजन बिना किसी भेदभाव के इस स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने प्रदेश की जनता से व्यक्तिगत अपील करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा संचालित यह योजना गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। आयुष्मान कार्ड धारकों को सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
बृजेश पाठक ने कहा कि कई लोग पात्र होने के बावजूद अभी तक अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा सके हैं। ऐसे सभी नागरिकों को चाहिए कि वे अभियान अवधि के दौरान अपने नजदीकी स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्ड बनवाएं और योजना का लाभ सुनिश्चित करें।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने आसपास के पात्र लोगों को जागरूक करें और अधिक से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति इलाज के अभाव में परेशान न हो।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना सामाजिक स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक बोझ से राहत प्रदान कर रही है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाने की अपील की।










