सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने आधी रात विशेष अभियान चलाकर कुख्यात अपराधी फेकन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। फेकन पिछले करीब दो महीने से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में लगातार पुलिस टीमें लगी हुई थीं।
मिली सूचना के आधार पर STF की कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि फेकन कुमार गाढ़ा थाना क्षेत्र के गाढ़ा गांव में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही STF ने देर रात इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की और उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे पूछताछ के लिए पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से हुआ था फरार
फेकन कुमार 28 जुलाई को सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हो गया था। वह इलाज के दौरान पुलिस अभिरक्षा में भर्ती था, लेकिन शौचालय का वेंटिलेटर तोड़कर मौके से भाग निकला। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे और ड्यूटी पर तैनात पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।
फेकन पर कई आपराधिक मामलों में केस दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार फेकन कुमार पर लूट, फायरिंग और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों के कई केस दर्ज हैं। फरारी के दौरान वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी चुनौती बनी हुई थी। STF की इस कार्रवाई को सीतामढ़ी पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।










