Raebareli: रायबरेली शहर के इंदिरा नगर क्षेत्र के समीप शहीद स्मारक के पास स्थित एक पुराना पुल इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। सांस्कृतिक विरासत को अपने भीतर समेटे यह पुल लंबे समय से उपेक्षा का शिकार बताया जा रहा है। पुल के आसपास नाले में भारी मात्रा में जलकुंभी जमा होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
शनिवार, 3 अक्टूबर को करीब 11 बजे मौके की स्थिति ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय लोगों के मुताबिक जलकुंभी और गंदगी के कारण नाले का पानी प्रभावित हो रहा है। आसपास दुर्गंध और गंदगी का वातावरण बना रहता है, जिससे राहगीरों तथा स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में साफ-सफाई को लेकर अभियान और दावे तो किए जाते हैं, लेकिन कई स्थानों पर जमीनी हकीकत इससे अलग दिखाई देती है। लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर नाले और आसपास के क्षेत्र की नियमित सफाई कराई जाती तो यहां जलकुंभी का इतना बड़ा अंबार नहीं लगता।
इसी समस्या को देखते हुए जिले के कुछ समाजसेवियों ने अब सफाई का बीड़ा उठाने की पहल की है। समाजसेवियों का कहना है कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों की देखभाल केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। हालांकि उनका कहना है कि स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका को नियमित सफाई, जलकुंभी हटाने और नाले की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
शहीद स्मारक जैसे महत्वपूर्ण स्थल के समीप इस तरह की बदहाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर जलकुंभी हटाने और पुल व आसपास के क्षेत्र की नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि शहर की सांस्कृतिक विरासत को गंदगी के बीच उपेक्षित न रहना पड़े।










