Bokaro Thermal: दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (बीटीपीएस) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के तहत शुक्रवार को वेंडर जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। 30 अक्टूबर को अपराह्न 4:30 बजे बीटीपीएस के सम्मेलन कक्ष में संविदा एवं सामग्री (सीएंडएम) विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 30 से अधिक विक्रेता प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डीवीसी, बीटीपीएस के वरिष्ठ महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान मधुकर श्रीवास्तव ने की। मौके पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अलेक्जेंडर कुजूर सहित सभी उप महाप्रबंधक, वरिष्ठ प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सीएंडएम विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राहुल सिंह एवं उप महाप्रबंधक अबुजर सिबली ने विक्रेताओं को सतर्कता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता, निष्पक्षता, नियमों के अनुपालन तथा ईमानदार कार्यसंस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस दौरान आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में वेंडर प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक जवाब दिया। साथ ही उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए विभागीय प्रक्रियाओं एवं कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विक्रेताओं को सतर्कता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ डीवीसी में पारदर्शी, जवाबदेह एवं भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना रहा। सक्रिय सहभागिता एवं सार्थक चर्चा के साथ बैठक का समापन हुआ।










