Bokaro Thermal: सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के तहत दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के बोकारो ताप विद्युत केंद्र (बीटीपीएस) के सतर्कता विभाग की ओर से शनिवार, 31 अक्टूबर को निगम कर्मियों के जीवनसाथियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर ऑफिसर्स क्लब, बोकारो थर्मल में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का विषय ‘मेरा घर : भ्रष्टाचार-मुक्त भारत के निर्माण में मेरा योगदान’ रखा गया था। इस विषय के माध्यम से प्रतिभागियों ने परिवार और समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने तथा भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना सतर्कता अधिकारी श्री उज्ज्वल विश्वास के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए सतर्कता जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

प्रतियोगिता में श्रीमती अविशिक्ता पात्रा, संपा मांझी, ममता डाबी, दीपा कुमारी, पायल साहा, मधुश्री पात्रा, ज्योति लता, आसिफा रहमान, शुभ्रा राय एवं श्वेता श्रीवास्तव ने भाग लिया।
इस दौरान सहायक नियंत्रक (यांत्रिकी) एवं आयोजन समिति के सदस्य श्री दीनानाथ शर्मा तथा सतर्कता विभाग के कार्यालय अधीक्षक (पीजी) ए. एम. एम. कैफ़ी ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से ही नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार में ईमानदारी, संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपनाने से भी संभव है। घर से शुरू हुई ईमानदारी की पहल ही एक स्वच्छ, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त समाज की मजबूत नींव बन सकती है।










