Ranchi: रांची में गुरुवार को बारिश के मौसम में लगातार सड़क पर तैनात रहने वाले यातायात पुलिसकर्मियों के लिए एक सराहनीय पहल देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अदाणी फाउंडेशन ने सिटीजन फाउंडेशन के सहयोग से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के बीच छातों का वितरण किया। इस पहल का उद्देश्य उन जवानों को राहत देना है, जो प्रतिकूल मौसम के बावजूद शहर की यातायात व्यवस्था संभालने में दिनभर जुटे रहते हैं।
इस पहल का उद्देश्य बारिश के मौसम में खुले में ड्यूटी करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करना है, ताकि वे विपरीत मौसम में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुचारु रूप से कर सकें। कार्यक्रम में यातायात पुलिस उपाधीक्षक रामाकांत रजक, अदाणी पावर झारखंड के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स संजीव शेखर, वरीय प्रबंधक रणवीर सिंह, सिटीजन फाउंडेशन की ओर से हेमंत तिर्की सहित बड़ी संख्या में यातायात पुलिसकर्मी उपस्थित थे।

इस अवसर पर यातायात पुलिस उपाधीक्षक रामाकांत रजक ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में खुले में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह सहयोग काफी उपयोगी साबित होगा और उन्हें अपने कार्य के दौरान सुविधा मिलेगी।
वहीं अदाणी पावर झारखंड के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स संजीव शेखर ने कहा कि अदाणी समूह समाज के विभिन्न वर्गों के हित में निरंतर कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि समूह आगे भी ऐसे जनहित एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।










