Bokaro Thermal: ट्रक निकालने पहुंची हाइड्रा भी गड्ढे में धंसी, असंतुलित हुई तो युवक ने लगाई छलांग

दो जेसीबी की मदद से हाइड्रा को निकालने की कोशिश के दौरान बिगड़ा संतुलन, मोती राम गंभीर रूप से घायल; डीवीसी अस्पताल में इलाज जारी

Bokaro Thermal: बोकारो थर्मल की मुख्य सड़क पर चूना पत्थर लदा ट्रक मिट्टी में धंसने के बाद उसे बाहर निकालने की कोशिश के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ट्रक को निकालने पहुंची हाइड्रा मशीन के पहिए भी गड्ढे में धंस गए। हाइड्रा को निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनें लगाई गईं। इसी दौरान हाइड्रा अचानक असंतुलित होने लगी। मशीन पर सवार स्थानीय युवक मोती राम ने खतरा भांपते हुए छलांग लगा दी। हादसे में उसके हाथ और पैर में गंभीर चोट आई है। उसे तत्काल डीवीसी अस्पताल बोकारो थर्मल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कटनी से चूना पत्थर लोड कर डीवीसी बोकारो थर्मल आ रहा ट्रक संख्या UP 63 BT 0256 मंगलवार को बोकारो थर्मल मुख्य सड़क पर पहुंचा था। सड़क के एक हिस्से में ट्रक के भारी वजन के कारण उसके टायर मिट्टी में धंस गए और ट्रक वहीं फंस गया।

बताया गया कि जिस स्थान पर ट्रक फंसा, वहां पिछले दिनों भरत भाई पटेल द्वारा सीवेज का कार्य कराया गया था। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण कार्यस्थल की मिट्टी पूरी तरह सूखकर मजबूत नहीं हो पाई थी। इसी बीच भारी वजन वाला लोडेड ट्रक वहां से गुजरने के दौरान जमीन में धंस गया।

काफी मशक्कत के बाद निकला ट्रक

ट्रक के फंसने के बाद उसे निकालने के लिए बुधवार को हाइड्रा संख्या JH 0B 2317 को लगाया गया। हाइड्रा की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक को गड्ढे से बाहर निकाला गया। हालांकि, ट्रक को निकालने के दौरान समस्या और बढ़ गई।

ट्रक निकालने के क्रम में हाइड्रा के पहिए भी उसी गड्ढे में धंस गए। हाइड्रा को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। इसी दौरान हाइड्रा का संतुलन बिगड़ने लगा। मशीन पर मदद के लिए चढ़े स्थानीय युवक मोती राम ने खुद को खतरे में देख हाइड्रा से छलांग लगा दी।

हाइड्रा से छलांग लगाने के दौरान मोती राम जमीन पर गिरकर घायल हो गया। उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे डीवीसी अस्पताल बोकारो थर्मल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

Other Latest News

Leave a Comment