बोकारो थर्मल: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) के अवसर पर रविवार को डीवीसी (DVC) बोकारो थर्मल के स्टेशन क्लब परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीवीसी के अधिकारी, सीआईएसएफ यूनिट के जवान एवं कर्मियों ने परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया के नेतृत्व में सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
मौके पर परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग करना चाहिए। योग से शरीर स्वस्थ रहता है और समाज भी स्वस्थ एवं निरोग बनता है।

वहीं डीजीएम ए.ए. कुजूर ने कहा कि हर व्यक्ति को रोजाना कम से कम 15 से 20 मिनट योग करना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहने के साथ मानसिक शांति भी मिलती है।
योग प्रचारक पुनीता देवी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन 30 मिनट योग करना चाहिए, इससे शरीर स्वस्थ रहता है और स्वस्थ समाज के निर्माण में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया। अधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।










