Bokaro Thermal: शनिवार सुबह करीब 8 बजे लाल चौक-जरबा बस्ती के समीप स्कूली बच्चों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कार्मेल स्कूल, बोकारो थर्मल के करीब 10 से 12 बच्चे घायल हो गए। सभी बच्चे बोकारो थर्मल फेस-टू क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ऑटो संख्या JH 10 BD 1534 में क्षमता से अधिक करीब 12 से 14 बच्चों को बैठाकर स्कूल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे हाइवा को बाईं ओर से ओवरटेक करने के प्रयास में ऑटो चालक ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल बच्चों को ऑटो से बाहर निकाला और उन्हें डीवीसी बोकारो थर्मल अस्पताल पहुंचाया। घायलों में हिरम नाजिया, गुलाम मोइउद्दीन और एमडी रजाब तैयब समेत अन्य बच्चे शामिल हैं। हिरम नाजिया के दाहिने हाथ में अंदरूनी चोट बताई गई है, जबकि गुलाम मोइउद्दीन के गाल तथा एमडी रजाब तैयब के होंठ और दांत में चोट आई है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को बेहतर इलाज की सलाह देकर अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया।
स्कूल समय में भारी वाहनों पर रोक की मांग
हादसे के बाद अभिभावकों में आक्रोश है। उनका कहना है कि स्कूल आने-जाने के समय सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही से बच्चों की सुरक्षा खतरे में रहती है। अभिभावकों ने प्रशासन से सुबह 6 से 9 बजे और दोपहर 1 से 3 बजे तक भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू करने की मांग की है। साथ ही लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
अभिभावकों ने कहा कि स्कूली वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और तेज रफ्तार पर भी प्रशासन को नियमित निगरानी करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।










