भारतीय उद्योग व्यापार मंडल में बड़ा एक्शन: फतेहगढ़ नगर अध्यक्ष रविकांत गुप्ता बर्खास्त

फर्रुखाबाद: भारतीय उद्योग व्यापार मंडल फर्रुखाबाद इकाई में संगठन विरोधी गतिविधियों को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। संगठन के जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री एवं जिला महामंत्री अनुपम अग्रवाल ने संयुक्त निर्णय लेते हुए फतेहगढ़ नगर अध्यक्ष रविकांत गुप्ता को तत्काल प्रभाव से पद से बर्खास्त कर दिया है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रविकांत गुप्ता पर संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल होने, दूसरे व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों का अपने प्रतिष्ठान पर स्वागत करने, विभिन्न ग्रुपों में संगठन के खिलाफ टिप्पणियां लिखने तथा जातिवाद को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

संगठन का आरोप है कि नगर अध्यक्ष अपने प्रतिष्ठान पर बैठकर अफवाहें फैलाने, संगठन के खिलाफ धमकी देने तथा दूसरे व्यापार मंडल की बैठकों और फोटो को सोशल मीडिया ग्रुपों में साझा कर संगठन की छवि धूमिल करने का कार्य कर रहे थे। इन सभी गतिविधियों को संगठन हित के विपरीत मानते हुए कार्रवाई की गई।

बताया गया कि पूरे मामले की जानकारी एवं संबंधित फोटो राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत गर्ग और प्रदेश अध्यक्ष अरुण अग्रवाल को भेजी गई थी। प्रदेश अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने जिला इकाई को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई पदाधिकारी संगठन विरोधी कार्यों में लिप्त पाया जाता है तो जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री आपसी विचार-विमर्श के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अधिकृत हैं।

इसी क्रम में जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री एवं जिला महामंत्री अनुपम अग्रवाल की सहमति से रविकांत गुप्ता को फतेहगढ़ नगर अध्यक्ष पद से हटाने का निर्णय लिया गया। संगठन ने स्पष्ट किया है कि शेष सभी कमेटियां पूर्ववत कार्य करती रहेंगी तथा जल्द ही नए नगर अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद व्यापार मंडल की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और व्यापारिक संगठनों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

Other Latest News

Leave a Comment