Firozabad Road Accident News : भाई-बहिन के प्यार के पवित्र त्यौहार पर एक बहिन अपने भाई को दूज करने जा रही थी। वाहन से उतरने के बाद जब वह हाईवे पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गईं। जानकारी होते ही उसके मायके पक्ष के लोग पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें लेकर अस्पताल आए। जहां इमरजेंसी में उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिरोजाबाद के मुहल्ला जैन नगर निवासी शकुंतला देवी (55) पत्नी राजेंद्र सिंह सैनी का मायका धातरी सिरसागंज में है। गुरुवार दोपहर को वह आटो में बैठ कर धातरी पहुंची। यहां उतरने के बाद अपने घऱ के लिए हाईवे पार कर रहीं थी, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की जानकारी होते ही धातरी के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।

मृतका की भाभी सुशीला और नीरज सैनी व अन्य परिजनों ने उनको पहचान लिया। गंभीर हालत में स्वजन उनको लेकर अस्पताल आए, जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मृतका के स्वजनों को मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन शिकोहाबाद के लिए रवाना हो गए। वहीं हादसे की जानकारी होते ही सिरसागंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।










