कथारा: डीएवी (DAV) पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में शुक्रवार को एनसीसी (NCC) आर्मी विंग के कैडेट्स के लिए विशेष ड्रिल एवं प्रशिक्षण कक्षा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी 22वीं बटालियन, हजारीबाग के पेटी ऑफिसर दिनेश कुमार ने कैडेट्स को परेड एवं ड्रिल का अभ्यास कराया।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को एनसीसी (NCC) के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए सशस्त्र बलों, सैन्य कौशल एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, तत्परता, साहस एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

एनसीसी आर्मी विंग के सीटीओ सह विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक शिव प्रकाश सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कैडेट्स की विशेष कक्षाएं लेते हुए परेड, अनुशासन, शारीरिक प्रशिक्षण एवं एनसीसी से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। साथ ही कैडेट्स को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी.एन. खान ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा, “अनुशासन से नेतृत्व तक—एनसीसी गढ़ता है सशक्त युवा।” एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, साहस, राष्ट्रप्रेम एवं सेवा-भाव का विकास होता है।
उन्होंने कैडेट्स से पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ एनसीसी की गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक ड्रिल एवं परेड का अभ्यास किया। विशेष प्रशिक्षण से उन्हें शारीरिक दक्षता और अनुशासन के साथ-साथ आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में सजगता और जिम्मेदारी से कार्य करने की व्यावहारिक समझ भी मिली।










