कायमगंज में सीपी विद्या निकेतन का शानदार प्रदर्शन, जिला टॉप कर छात्रों ने बढ़ाया मान

कायमगंज: आईसीएसई बोर्ड के कक्षा 10 एवं 12 के घोषित परीक्षा परिणाम में सीपी विद्या निकेतन (CP Vidya Niketan) के छात्रों ने शानदार सफलता हासिल करते हुए पूरे जिले में अपना परचम लहराया। विद्यालय के मेधावी छात्रों ने न केवल उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए, बल्कि जिला टॉपर बनकर स्कूल और क्षेत्र का गौरव भी बढ़ाया।

कक्षा 10 में मेघल गुप्ता ने 98.88% अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा 12 में चक्रेश शाक्य ने 97.25% अंक लाकर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई।

इस वर्ष कक्षा 10 (ICSE) में 302 और कक्षा 12 (ISC) में 282 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें से अधिकांश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा 10 के अन्य मेधावी छात्रों में आशी गंगवार (97.60%), सोहन अग्निहोत्री (94.4%), आर्यन गुप्ता (94.4%), पुलकित गंगवार (93%) और लक्ष्य गंगवार (92.6%) ने टॉप सूची में स्थान बनाया।

वहीं कक्षा 12 में आर्यन राज (95.50%), कशिश गंगवार (94.50%), मेधावी परी (94.50%), आशुतोष सिंह (93.25%) और सनी राजपूत (93.00%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल छात्रों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधक सत्य प्रकाश अग्रवाल, निदेशक डॉ. मिथलेश अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार बाजपेई ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों की मेहनत, छात्रों की लगन और अभिभावकों के सहयोग को दिया।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस सम्मान समारोह में छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक और शिक्षक भी उपस्थित रहे। पूरे माहौल में खुशी और गर्व का वातावरण देखने को मिला।

सीपी विद्या निकेतन (CP Vidya Niketan) की यह उपलब्धि न सिर्फ विद्यालय, बल्कि पूरे कायमगंज क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।

Other Latest News

Leave a Comment