रायबरेली मे आज दिनाँक 3 मई 2026 दिन रविवार को समय करीब 1 बजे शहर कोतवाली नगर क्षेत्र के बस्तेपुर इलाके में रविवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक ब्यूटी पार्लर संचालक और दूध बेचने वाले आधा दर्जन से अधिक लोगों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार मौर्य, जो “नंदिनी कॉस्मेटिक एवं स्टेशनरी” की दुकान चलाते हैं, आरोप लगाया कि उनकी दुकान और बगल में स्थित “होली ब्यूटी पार्लर” के सामने रोजाना बड़ी संख्या में दूध विक्रेता खड़े होकर ग्राहकों के बीच अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इससे खासकर पार्लर में आने वाली महिला ग्राहकों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।

सुरेश कुमार मौर्य का कहना है कि उन्होंने कई बार दूध विक्रेताओं को वहां खड़े होने से मना किया, लेकिन वे नहीं माने। रविवार को करीब 1 बजे जब उन्होंने फिर इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दूध बेचने वालों ने गाली-गलौज करते हुए सुरेश कुमार और उनके परिजनों के साथ मारपीट की और धमकी दी कि वे वहीं खड़े रहेंगे।
वहीं वायरल वीडियो में भी देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस होती है, जो बाद में हाथापाई में बदल जाती है। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है, तो जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना स्थानीय स्तर पर अव्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों के उपयोग को लेकर बढ़ते विवादों की ओर भी इशारा करती है, जिससे आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।










