Raebareli: मां संकटा धाम के चढ़ौके की नीलामी, 16.01 लाख में छूटी बोली

एक साल के लिए मोनू पाण्डेय ने लगाई सबसे ऊंची बोली, तहसील प्रशासन की मौजूदगी में हुई नीलामी

Raebareli: सरेनी क्षेत्र के गेगासों स्थित गंगा तट पर प्रसिद्ध आदिशक्ति मां संकटा धाम में शुक्रवार को श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले चढ़ौके की नीलामी कराई गई। तहसील प्रशासन की मौजूदगी में हुई नीलामी में चढ़ौके के लिए 16 लाख एक हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगी। यह बोली मोनू पाण्डेय पुत्र रामचंद्र ने लगाकर एक वर्ष के लिए चढ़ौके की नीलामी अपने नाम कर ली।

नीलामी प्रक्रिया तहसीलदार लालगंज पवन कुमार यादव के नेतृत्व में संपन्न हुई। क्षेत्रीय लेखपाल नीरज कुमार ने नीलामी की कार्रवाई कराई। बोली में शिवांक पुत्र दिनेश और मोनू पाण्डेय पुत्र रामचंद्र के बीच काफी देर तक प्रतिस्पर्धा चली। बोली बढ़ते-बढ़ते 16 लाख रुपये के पार पहुंच गई। अंत में मोनू पाण्डेय की 16,01,000 रुपये की बोली सर्वोच्च रही और उन्हें एक वर्ष के लिए चढ़ौके की नीलामी का अधिकार मिला।

नीलामी प्रक्रिया में शामिल बोलीदाताओं से 21 हजार रुपये मार्जिन राशि भी जमा कराई गई। प्रशासन की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया कराए जाने से मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु भी मौजूद रहे।

चढ़ावे की नीलामी को लेकर चर्चा में रहता है धाम

गेगासों गंगा तट स्थित मां संकटा धाम अपनी धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ यहां होने वाली चढ़ौके की नीलामी को लेकर भी चर्चा में रहता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि संभवतः यह दुनिया का पहला ऐसा मंदिर है, जहां श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले चढ़ावे यानी चढ़ौके की नीलामी की जाती है। यही वजह है कि हर वर्ष होने वाली इस प्रक्रिया पर क्षेत्र के लोगों की नजर रहती है।

शुक्रवार को भी नीलामी के दौरान काफी संख्या में लोग मौके पर जुटे रहे और बोली की प्रक्रिया को देखते रहे। 16 लाख एक हजार रुपये की बोली लगने के बाद लोगों के बीच इसकी चर्चा होती रही।

नीलामी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौजूद रहा। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुधीर पांडेय, चौकी प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह, अमीन शिवम वर्मा और ग्राम पंचायत प्रशासक देशराज यादव समेत प्रशासनिक-पुलिस अधिकारी और सैकड़ों स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे।

Other Latest News

Leave a Comment